हत्या के आरोपी ने बरामदगी के दौरान पुलिस पर किया जानलेवा हमला, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

कांट थाना क्षेत्र में युवक गौतम की धारदार हथियार से हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी समीर ने पुलिस अभिरक्षा में आलाकत्ल की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि चाकू के हमले में एक आरक्षी भी घायल हो गया।

क्षेत्राधिकारी के अनुसार, 31 जुलाई को प्रहलादपुर कमलनैनपुर निवासी चन्द्रपाल की तहरीर पर समीर पुत्र लियाकत अली और उसके तीन साथियों के विरुद्ध गौतम की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने के आरोप में थाना कांट में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद नामजद आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया गया था।

शनिवार देर रात पुलिस टीम आरोपी को घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए ग्राम दिलावरपुर के जंगल में लेकर गई। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान आरोपी ने झाड़ियों से चाकू निकालकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिससे एक आरक्षी के बाएं हाथ में चोट लग गई। इसके बाद आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी और घायल आरक्षी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांट ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों का उपचार जारी है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.