अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

श्री रामलीला कमेटी राया के तत्वावधान में रक्तदाता फाउंडेशन के सहयोग से बुधवार को रामलीला मैदान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट और चेयरमैन राजकुमार अग्रवाल ने गिर्राज महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. कमलकांत उपमन्यु ने कहा कि “रक्तदान महादान है, हर स्वस्थ व्यक्ति को साल में दो बार रक्तदान करना चाहिए।” उन्होंने छोटे कस्बे में भी रक्तदान को लेकर लोगों की जागरूकता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कमेटी अध्यक्ष अभिषेक पाराशर एवं रक्तदाता फाउंडेशन के अमित गोयल, ब्रजवासी ब्लड बैंक प्रभारी शुभम अग्रवाल ने बताया कि शिविर में 50 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसे मसानी स्थित ब्रजवासी चेरिटेबल ब्लड सेंटर के माध्यम से एकत्र किया गया। डॉ. अंकुर गोयल ने बताया कि रक्तदान से थैलेसीमिया, डायलिसिस व कैंसर जैसे गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को जीवनदायी सहायता मिलती है।
शिविर में रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अमित शर्मा, विकास अग्रवाल, दिनेश कुमार, भगवान सैनी, राहुल गौरव, विष्णु, नितिन, प्रांजल गोयल, पवन सहित कई युवाओं ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में डॉ. अशोक अग्रवाल, प्रतुल गंगल, भूपेश अग्रवाल, सभासद सरवन अहमद, नरेश रावत, सुधीर व्यास, पुनीत चौबे, आकाश शर्मा, रोहित अग्रवाल, निखिल कंसल, गौरव सैनी, रविकांत वर्मा समेत अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

