पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

नौधार शहर के घोड़ा चौपाटी क्षेत्र में मंगलवार शाम दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद की जड़ एक युवती का पीछा करने और छेड़छाड़ के आरोप को बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, ओंकारनगर निवासी दीपक पिता भय्यालाल जायसवाल और कुम्हारगड्डा निवासी अजय यादव उर्फ श्याम दुबेला के बीच पहले लालबाग क्षेत्र में कहासुनी हुई थी, जो 28 जुलाई 2026 को शाम करीब 7 बजे घोड़ा चौपाटी पर फिर से हिंसक झड़प में बदल गई।
मारपीट के दौरान दीपक जायसवाल, उसके साथी कुलदीप बौरासी तथा अजय यादव और उसके भाई सोमेश के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान सोमेश के सिर पर लोहे के पलटे से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध क्रमांक 417/2026 और 418/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी मामले में संबंधित युवती ने भी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए दीपक जायसवाल पर पीछा करने और छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 419/2026 धारा 75(1)(iv) एवं 78 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अलग से प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने 29 जुलाई को आरोपियों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना में इस्तेमाल लोहे का पलटा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घटना से जुड़ी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

