चार दिवसीय प्रवास में रामबाबू पांडेय ने दिया स्वधर्म, संस्कार और संगठन सशक्त करने का संदेश | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

चार दिवसीय प्रवास में रामबाबू पांडेय ने दिया स्वधर्म, संस्कार और संगठन सशक्त करने का संदेश | New India Times

श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य पुरी पीठाधीश्वर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती के कृपापात्र शिष्य, प्रतिष्ठित लेखक, चिंतक एवं आचार्य शंकर भारत उद्भासक मंडल के प्रमुख मार्गदर्शक रामबाबू पांडेय का गोला गोकर्णनाथ एवं मोहम्मदी का चार दिवसीय प्रवास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करते हुए धर्म, संस्कृति, स्वधर्म, पारिवारिक मूल्यों एवं राष्ट्रजीवन से जुड़े विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

प्रवास के दौरान डाक बंगले में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक एवं प्रबुद्धजनों ने उनसे भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। गोला गोकर्णनाथ स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में आचार्य शंकर भारत उद्भासक मंडल की स्थानीय इकाई द्वारा ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, पुरोहित, कायस्थ तथा युवा संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। वहीं लक्ष्मी नगर कॉलोनी स्थित धर्मेश्वरनाथ मंदिर में नारी संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सहभागिता की।

नारी संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रामबाबू पांडेय ने मातृशक्ति से शास्त्रसम्मत पूजा-पद्धति अपनाने, स्वधर्म के प्रति दृढ़ आस्था रखने तथा परिवार में धार्मिक संस्कारों का संवर्धन करने का आह्वान किया। विभिन्न समाजों की बैठकों एवं संयुक्त संवाद में उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने स्वधर्म का निष्ठापूर्वक पालन करने, परिवार के प्रति समर्पित रहने तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी।

प्रवास के दौरान उन्होंने कई परिवारों से आत्मीय भेंट कर संयुक्त परिवार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया। उन्होंने प्रत्येक परिवार से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा सामूहिक रूप से भजन, सत्संग अथवा धर्मचर्चा करने का आग्रह किया तथा उपस्थित लोगों की विभिन्न जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान भी किया।

मोहम्मदी प्रवास के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक में उन्होंने क्षेत्र में गुरुकुल स्थापना की योजना पर विस्तार से चर्चा की। केंद्रीय सचिव मिलिंद शुक्ल के साथ हुई बैठक में गुरुकुल, गौधाम एवं सुरभि मंदिर की योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया। निर्णय लिया गया कि आचार्य शंकर भारत उद्भासक मंडल द्वारा गोंडा में गौधाम एवं सुरभि मंदिर तथा मोहम्मदी में गुरुकुल की स्थापना की जाएगी।

मंडल की गोला गोकर्णनाथ इकाई के सचिव कमल नयन शुक्ल ने बताया कि इस प्रवास का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उन्हें धर्म एवं संस्कृति के प्रति जागरूक करना, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना तथा युवाओं में आदर्श चरित्र निर्माण की भावना विकसित करना था। साथ ही मंडल की आगामी योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

चार दिवसीय प्रवास पूर्ण करने के बाद रामबाबू पांडेय लखनऊ के लिए रवाना हो गए, जहां वे विभिन्न बैठकों में भाग लेंगे।

इस अवसर पर मंडल इकाई के सचिव कमल नयन शुक्ल, प्रचार एवं संपर्क प्रमुख विक्रांत सिंह परमार, धर्म प्रकल्प प्रमुख आचार्य दिवाकर पांडेय, हनुमत प्रकल्प प्रमुख आचार्य लवकुश अवस्थी, अनिकेत एवं सिद्धांत सिंह राठौर ने प्रवास के सफल संचालन और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.