पदोन्नत पुलिस अधिकारियों का सम्मान, धार में गरिमामय ‘स्टार सेरेमनी’ आयोजित | New India Times

पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ,धार (मप्र), NIT:

पदोन्नत पुलिस अधिकारियों का सम्मान, धार में गरिमामय ‘स्टार सेरेमनी’ आयोजित | New India Times

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिला धार में पदोन्नत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में गरिमामय “स्टार सेरेमनी” एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हाल ही में आरक्षक से प्रधान आरक्षक, प्रधान आरक्षक से सहायक उप निरीक्षक, उप निरीक्षक से निरीक्षक तथा निरीक्षक से उप पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक वातावरण में सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह के अंत में सभी के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा (भा.पु.से.) ने पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन और जिम्मेदारी का विस्तार है। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ करते हुए आमजन की सेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प कराया गया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर, श्रीमती पारूल बेलापुरकर, नगर पुलिस अधीक्षक पीथमपुर श्री कमल सिंह चौहान, एसडीओपी सरदारपुर श्री विश्वदीप सिंह परिहार, एसडीओपी कुक्षी श्री सुनील गुप्ता, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) श्री आनंद तिवारी, रक्षित निरीक्षक श्री पुरुषोत्तम बिश्नोई सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ एवं पदोन्नत अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.