भोपाल में 9 वर्षीय बच्ची का अपहरण, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अरेरा हिल्स से सुरक्षित बरामद; आरोपी फरार | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। बच्ची को एक युवक अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची को अरेरा हिल्स क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जबकि आरोपी अभी फरार है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची सुबह मंदिर में जल चढ़ाने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने स्वयं को उसके पिता का दोस्त बताते हुए आइसक्रीम खिलाने का झांसा दिया और उसे बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। आरोपी बच्ची को एमपी नगर क्षेत्र में भी घुमाता रहा।

परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद अशोका गार्डन थाना पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी बच्ची को बाइक पर ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। इसके बाद सूचना के आधार पर अरेरा हिल्स पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। आरोपी की तलाश जारी है। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अनुराग लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने शहर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस की तत्परता से बच्ची सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच गई, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.