मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिला गंगा समिति शाहजहांपुर के तत्वावधान में जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गर्रा नदी स्थित राजघाट पर वृहद स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का आयोजन डीपीओ डॉ. विनय कुमार सक्सेना के निर्देशन में तथा वर्क चैरिटेबल ट्रस्ट के नेतृत्वकर्ता रेहान कुरैशी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
भीषण गर्मी के बावजूद स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए राजघाट परिसर की साफ-सफाई की और “स्वच्छ नदी–स्वस्थ जीवन” के नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी एवं परिवार न्यायालय परामर्शदाता मुकेश सिंह परिहार ने कहा कि नदियों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, स्वामी शुक्रदेवानंद विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रूपक श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में प्रकृति और पर्यावरण की सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है तथा सभी को अपने विचारों और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहिए।
समाजसेवी राजू बग्गा ने कहा कि स्वच्छता ही स्वच्छ समाज की आधारशिला है। डी.एन.टी. श्रम संविदा सहकारी समिति लिमिटेड की डायरेक्टर एवं स्वदेशी जागरण मंच की प्रांत सह महिला प्रमुख सावित्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य और संकल्प है।
विकास खंडेलवाल, हिमांशु सक्सेना, नितिन अग्रवाल एवं शिवम ने नगर निगम शाहजहांपुर सहित सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से ऐसे जनहितकारी अभियानों से जुड़ने की अपील की।
अभियान में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक मेरा युवा भारत के हर्ष पाण्डेय एवं उनकी टीम, अंशिका ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, युवा सर्व कल्याण सेवा समिति, गंगा समग्र, स्वदेशी जागरण मंच तथा वर्क चैरिटेबल ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
इस अवसर पर मोहम्मद फौज, मोहम्मद उमैर, नवेद अहमद, तस्मीया, अंगशुमान, रोहित, नवीन, श्रेयांश मंगल पाण्डेय, अंकित वर्मा सहित अनेक स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

