मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव नगर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित आंगनवाड़ी भवन के पास मधु वंदेवार के घर के सामने खड़ा एक खोखला एवं सूखा आम का पेड़ गिरने की स्थिति में पहुंच गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि यह पेड़ गिरता है तो मधु वंदेवार का मकान क्षतिग्रस्त हो सकता है। साथ ही विद्युत विभाग की मुख्य बिजली लाइन को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
वंदेवार परिवार ने बताया कि इस सूखे पेड़ को हटाने के लिए उन्होंने खेत मालिक एवं वार्ड पार्षद से कई बार अनुरोध किया, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह पेड़ मुख्य सड़क के किनारे स्थित है, जिससे बारिश और तेज हवा के दौरान इसके गिरने का खतरा और बढ़ गया है। ऐसे में सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और आसपास के रहवासियों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वंदेवार परिवार सहित वार्ड क्रमांक 1 एवं आसपास के रहवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस खोखले एवं सूखे आम के पेड़ को शीघ्र हटाया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

