मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे एवं एसडीओपी नेपानगर निर्भय सिंह अलावा के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नेपानगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
निर्देशों के पालन में थाना नेपानगर पुलिस के उपनिरीक्षक सुनील दुबे एवं आरक्षक लालसिंह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चुना भट्टा स्थित गजानंद मंदिर के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बोरी में अवैध कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री की नीयत से बैठा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जितेन्द्र पिता केसरिया गोरे भीलाला (32 वर्ष), निवासी ग्राम डवाली, थाना नेपानगर बताया।
आरोपी की मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-11-NC-2299, होंडा) की तलाशी लेने पर पेट्रोल टैंक पर रखी पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में सफेद पन्नियों में भरी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। गिनती करने पर कुल 120 पन्नियां, प्रत्येक में आधा-आधा लीटर शराब भरी मिली। इस प्रकार कुल 60 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 6,000 रुपये है, जब्त की गई।
आरोपी से शराब रखने संबंधी लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर उसके विरुद्ध थाना नेपानगर में अपराध क्रमांक 231/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपी से शराब के स्रोत एवं अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानु जायसवाल, उपनिरीक्षक सुनील दुबे, प्रधान आरक्षक अजय मालवीया तथा आरक्षक लालसिंह की सराहनीय भूमिका रही।

