अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में समीक्षा भवन सभागार में जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के बाद एसएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुल्तानगंज से गुजरने वाले कांवड़िया मार्ग का लगभग 15 किलोमीटर हिस्सा भागलपुर जिले में पड़ता है। इस पूरे मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा गंगा घाटों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा नदी में पुलिस टीम द्वारा पेट्रोलिंग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मेले के दौरान सामने आई कमियों को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यापक सुधार किए गए हैं। सभी विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिला प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

