मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के लालबाग रोड स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष रिंकू टांक ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोटा में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद के दौरान देश की परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर किया है। रिंकू टांक ने कहा कि आज देश में हजारों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन उनमें से बहुत कम युवाओं को रोजगार मिल पाता है। लगभग एक हजार विद्यार्थियों में से केवल 12 युवाओं को ही नौकरी मिलती है, जबकि बाकी युवाओं को वर्षों तक बेरोजगारी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में हर वर्ष लगभग 22 लाख विद्यार्थी शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण उनकी मेहनत और भविष्य दोनों दांव पर लग जाते हैं। उन्होंने बताया कि नीट परीक्षा की तैयारी, कोचिंग, आवास, यात्रा और अन्य व्यवस्थाओं पर देशभर में लगभग 1.32 लाख करोड़ रुपये खर्च होते हैं, जबकि केंद्र सरकार का शिक्षा बजट लगभग 1.40 लाख करोड़ रुपये है।
रिंकू टांक ने आरोप लगाया कि देश की पांच बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं पर विद्यार्थियों और अभिभावकों का कुल मिलाकर लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये खर्च होता है, लेकिन इसके बावजूद युवाओं को रोजगार की कोई गारंटी नहीं मिलती। कभी व्यापम घोटाला, कभी भर्ती घोटाला तो कभी पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण परीक्षाएं रद्द कर दी जाती हैं, जिससे विद्यार्थियों का समय, पैसा और मेहनत बर्बाद हो जाती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के नाम पर युवाओं एवं अभिभावकों पर भारी आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, लेकिन सरकार सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में विफल रही है। राहुल गांधी ने देश के सामने परीक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर किया है और कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है।
युवाओं से आह्वान करते हुए रिंकू टांक ने कहा कि वे अपने अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के लिए आगे आएं तथा युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए राहुल गांधी का समर्थन करें।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हमीद काज़ी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश में डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सरकार थी, तब विपक्ष लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगाता था और आंदोलन-धरना प्रदर्शन करता था। उन्होंने कहा कि उस समय जवाबदेही तय होती थी तथा आरोप लगने पर मंत्रियों से इस्तीफा लिया जाता था या उनके विभाग बदल दिए जाते थे।
हमीद काज़ी ने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली सरकार को 12 वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन इस दौरान विभिन्न मामलों में किसी बड़े मंत्री की जवाबदेही तय नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े गंभीर मामलों के बावजूद किसी मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर जवाब देने से बच रही है।
जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी तफ्फजुल हुसैन मुलायमवाला ने कहा कि “छात्रों की गूंज” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है और आगे भी युवाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष रिंकू टांक, प्रदेश उपाध्यक्ष हमीद काज़ी, विनय शाह, नगर निगम अध्यक्ष अनिता अमर यादव, अकील औलिया, शेख रुस्तम, आशीष भगत सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान सभी नेताओं ने परीक्षा घोटालों, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए।

