डी.के. गुप्ता, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

नीमगांव थाना क्षेत्र के बाछेपारा गांव में गन्ने के खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और कुदाल चले, जिसमें एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, विवाद राजेश नामक व्यक्ति के गन्ने के खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विपक्षियों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें घेरकर हमला किया। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी इस बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गई।
घटना में श्रीकृष्ण के पुत्र भोलू के सिर में गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इसके अलावा विनोद, विनय कुमार, सोमू, मुदित और दीपक भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहजम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर देर से पहुंची, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है। नीमगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

