दशहरा पर्व की तैयारियां तेज, जुन्नारदेव नगर पालिका एक्शन मोड में | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव नगर में उत्साह और उमंग का माहौल परवान चढ़ने लगा है। पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इसी कड़ी में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नेहा धुर्वे और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे ने दशहरा मैदान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

खिलाड़ियों की मांग पर त्वरित कार्रवाई

मैदान की बदहाल स्थिति और साफ-सफाई को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और प्रतिभागियों द्वारा लगातार नपा अध्यक्ष और सीएमओ के समक्ष मांग रखी जा रही थी। खिलाड़ियों का कहना था कि दशहरा पर्व के दौरान आयोजित होने वाली खेल गतिविधियों और आयोजनों के लिए मैदान का साफ-सुथरा होना बेहद जरूरी है। खिलाड़ियों की इस जायज मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने तुरंत कार्रवाई की और युद्धस्तर पर साफ-सफाई का कार्य शुरू कराया।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चला विशेष स्वच्छता अभियान

नगर पालिका के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दशहरा मैदान और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के जरिए मैदान को पूरी तरह स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान आने वाले दर्शकों, नागरिकों और खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान स्वच्छता सभापति संजय जैन और स्वच्छता प्रभारी सुशील लदरें भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मैदान पर चल रहे सफाई कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।

युवाओं और खिलाड़ियों में बढ़ा उत्साह

मैदान में सफाई कार्य शुरू होने और दशहरा पर्व की तैयारियां तेज होने से जुन्नारदेव के युवाओं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मैदान पर खेल प्रेमियों की सक्रियता बढ़ गई है और सभी इस आयोजन के इंतजार में हैं। नगर पालिका के इस त्वरित कदम से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है। अब नगरवासियों को भी दशहरा पर्व के भव्य आयोजन का बेसब्री से इंतजार है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.