त्रिवेंद्र जाट/राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
देवरी नगर के झुनकू वार्ड स्थित मुक्तिधाम में शनिवार दोपहर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनसहयोग से बन रहे निर्माण कार्य पर जेसीबी चला दी। इस दौरान गार्डरूम, अस्थि संचय कक्ष और लकड़ी भंडार कक्ष के फाउंडेशन को तोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद भारतेन्दु सिंह द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को लिखित शिकायत की गई थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

प्रशासन का कहना है कि शासकीय भूमि पर बिना अनुमति निर्माण कार्य किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम मुनव्वर खान, सीएमओ केबीएस बघेल, तहसीलदार संगीतारानी चौरसिया सहित राजस्व और नगरपालिका का अमला मौजूद रहा।
वहीं, स्थानीय नागरिकों और जनभागीदारी समिति के सदस्यों ने इस कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना है कि सौंदर्यीकरण कार्य जनसहयोग और श्रमदान से किया जा रहा था और इसकी सूचना पूर्व में प्रशासन को दी गई थी, लेकिन न तो कोई मार्गदर्शन मिला और न ही सहयोग।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से नगरपालिका अध्यक्ष पति अलकेश जैन के नेतृत्व में नगर के विभिन्न मुक्तिधामों में साफ-सफाई, वृक्षारोपण और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे थे, जिन्हें नागरिकों ने सराहा भी था।
पहले कार्रवाई, बाद में नोटिस
कार्रवाई के बाद तहसीलदार द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष पति अलकेश जैन एवं संगम मुक्तेश्वर महादेव समिति के नाम नोटिस जारी किया गया। भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 248 के तहत जारी नोटिस में निर्माण को अतिक्रमण बताते हुए तत्काल रोक लगाने और स्वीकृति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों में नाराजगी
प्रशासन की अचानक हुई कार्रवाई से नगर में असंतोष का माहौल है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इनका कहना है
नगरपालिका अध्यक्ष पति अलकेश जैन ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने दबाव में आकर बिना सूचना कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि मुक्तिधामों के सुधार के लिए जनता स्वयं आगे आकर कार्य कर रही है, जिसे राजनीतिक कारणों से रोका गया है।
वहीं, एसडीएम मुनव्वर खान का कहना है कि शासकीय भूमि पर बिना अनुमति निर्माण अवैध है और प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई की है।
