अंकित तिवारी, कौशांबी (यूपी), NIT:

अखिल भारतीय विराट कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में अम्बावा पश्चिम में वार्षिक दंगल का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह और रोमांच से भरपूर इस दंगल में दर्जनों पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक जुटे और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सोनकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, आशीष कुमार बच्चा और वेद प्रकाश सत्यार्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दंगल के पुरुष वर्ग का प्रमुख मुकाबला राजेश तिवारी और बरेली के अर्पित के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में राजेश तिवारी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देकर जीत हासिल की। वहीं, महिला वर्ग में राजस्थान की पायल और हरियाणा की निर्जला के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसमें पायल ने निर्जला को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
दंगल का सबसे आकर्षक मुकाबला खुली कुश्ती का रहा, जिसमें महिला पहलवान पायल का सामना धर्मराज से हुआ। पायल ने शानदार दांव-पेच का प्रदर्शन करते हुए धर्मराज को जोरदार पटकनी दी। उनके इस प्रदर्शन से दर्शक रोमांचित हो उठे और मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
आयोजन के दौरान पारंपरिक कुश्ती की कला और खेल भावना देखने को मिली। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर सर्वेश कुमार पटेल, शिवम पांडेय, अंकित दिवाकर, दीपक मौर्य, हिमांशु यादव, नथूलाल चौधरी, प्रेम पहलवान, हनुमान सिंह, पिंटू केशरवानी, श्रवण पटेल, महेंद्र सिंह पटेल, राकेश सरोज, मिथिलेश पटेल, अवधेश पटेल, रामसुमेर, विष्णु विश्वकर्मा, परमजीत सिंह, अभय सिंह, रामू पटेल, धीरज सिंह, उमा सिंह, लवकुश पटेल, पंकज सिंह, अखिलेश पटेल, राधे और चरण सिंह सहित सैकड़ों कुश्ती प्रेमी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

