शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

कैम्पियरगंज ब्लॉक मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। जिला संघ द्वारा नामित कर्मचारियों की देखरेख में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही ब्लॉक मुख्यालय पर कर्मचारियों का जमावड़ा लगा रहा।
कर्मचारियों के आपसी संवाद और सर्वसम्मति से तय किए गए प्रत्याशियों के सामने निर्धारित समय तक किसी भी पद के लिए विपक्षी उम्मीदवार द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया। इसके बाद सभी प्रस्तावित प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

चुनाव परिणाम के अनुसार पिंटू कुमार को ब्लॉक अध्यक्ष पद पर लगातार चौथी बार चुना गया। इससे पहले वे तीन बार मतदान के माध्यम से निर्वाचित हुए थे और इस बार निर्विरोध चुने गए। बलराम ब्लॉक महामंत्री तथा विनोद कुमार ब्लॉक कोषाध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए। प्रताप कुमार को दूसरी बार लगातार ब्लॉक संगठन मंत्री चुना गया, जबकि रामजीवन कन्नौजिया पहली बार ब्लॉक संप्रेक्षक पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
निर्वाचन के उपरांत सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राधे श्याम जायसवाल और ग्राम पंचायत अधिकारी रमेश कुशवाहा ने ब्लॉक मुख्यालय कार्यालय में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक मणि त्रिपाठी, पूर्व जिला महामंत्री रामसूरत यादव, मीडिया प्रभारी शमसुद्दोहा, ब्लॉक संरक्षक राजेश कुमार सहित नरसिंह कुमार, रमेश कुमार, सिद्धार्थ कुमार, गौतम कुमार, संजय कुमार, सुभाष, बृजेश यादव, रामगणेश यादव, रामगनेस सहानी, शिवेंद्रनाथ मिश्र, रामबेलाश चौधरी, राजू सहानी, रामस्वरूप यादव, जितेन्द्र कुमार, राजेश कुमार, नरसिंह प्रसाद, राजकुमार, शेषमणि, गोविन्द पांडे, राधेश्याम, रामचरन, कौशल किशोर, सुग्रीव सहित अनेक सफाई कर्मचारी साथी उपस्थित रहे।

