रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर, फुटतालाब में मंगलवार रात भव्य नवरात्रि महोत्सव का ऐतिहासिक समापन हुआ। दस दिनों तक चले इस महोत्सव में झाबुआ, आलीराजपुर सहित आसपास के कई जिलों तथा पड़ोसी राज्यों गुजरात और राजस्थान से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए और गरबा महोत्सव का आनंद लिया। आयोजन के दौरान कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। अंतिम चार-पांच दिनों में स्थिति ऐसी रही कि आयोजन स्थल पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। भीड़ के कारण कुछ लोग आयोजन स्थल तक भी नहीं पहुंच पाए।

महोत्सव के दसवें दिन राष्ट्रीय स्तर की धार्मिक नृत्य-नाटिकाओं और गरबा प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग फुटतालाब पहुंचे। अहमदाबाद, वडोदरा और इंदौर के समूहों के साथ स्थानीय दलों ने भजनों की धुन पर 20 से अधिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय धार्मिक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि फुटतालाब जैसा आयोजन कहीं और देखने को नहीं मिलता। यहां छोटे-बड़े सभी लोगों को जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ जोड़ा जाता है, वह दिल को छू जाता है।
गरबा दलों को मिले पुरस्कार
गरबा प्रतियोगिता में मुस्कान ग्रुप, फुटतालाब को तृतीय, रानू मचार ग्रुप, बेडावली को द्वितीय और डीडी ग्रुप को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल ने बताया कि इस बार गरबा प्रस्तुतियों के साथ-साथ दलों द्वारा उठाए गए सामाजिक विषयों का भी विशेष रूप से विश्लेषण किया गया। इसी आधार पर पुरस्कारों की सूची तैयार की गई।
पेटलावद की एसडीएम श्रीमती ऋतिका पाटीदार ने विजेता दलों को पुरस्कृत किया। श्रीमती सीमा सुरेश चंद्र जैन ने उनका स्वागत किया। वहीं, सुरेश चंद्र जैन और उनके परिवार ने बेस्ट कपल को पुरस्कार प्रदान किया। सभी ग्रामीण गरबा दलों को सांत्वना पुरस्कार तथा प्रत्येक सदस्य को प्रमाण पत्र भी दिए गए।
पप्पू भैया मित्र मंडल ने जैन परिवार का किया सम्मान
आयोजन के अंतिम दिन पप्पू भैया मित्र मंडल के वरिष्ठ सदस्यों हरिराम गिरधानी, आनंदीलाल पडियार, देवेंद्र जैन और दिनेश बैरागी ने हजारों ग्रामीण बेटियों को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने और उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करने के प्रयासों के लिए प्रदेश के वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश चंद्र पूरणमल जैन, युवा समाजसेवी राजेश रिंकू जैन और उनके परिवार का प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया।
धार्मिक नगरी फुटतालाब में आयोजित इस ऐतिहासिक गरबा महोत्सव में कई राजनेताओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रतिष्ठित हस्तियों ने भी शिरकत की थी।
भावुक हुए सुरेश चंद्र जैन
महोत्सव के समापन अवसर पर सुरेश चंद्र जैन भावुक नजर आए। उन्होंने छोटे से आयोजन को 17 वर्षों में इतना भव्य स्वरूप देने की यात्रा का श्रेय ग्रामीण बेटियों, दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं, अपनी धर्मपत्नी, भाई रिंकू जैन और पूरे परिवार को दिया। उन्होंने मंच से हनुमानजी की कृपा और उनके दर्शन के महत्व के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर जैकी जैन, हार्दिक कोठारी और मंदिर के महंत दिलीपदास महाराज ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति विनम्र आभार व्यक्त किया।

