रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

नूर-ए-मोहम्मदी मस्जिद, मेघनगर में मदरसे का वार्षिक उत्सव (जलसा) कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मदरसे में अध्ययनरत मासूम बच्चों द्वारा विभिन्न सामाजिक संदेशों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने “हमारे देश में हिंदू-मुसलमान साथ रहते हैं” विषय पर देशभक्ति का तराना पेश कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके साथ ही मोबाइल के दुरुपयोग पर आधारित प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया।
जलसे की मजलिस में मदरसे के 17 मासूम बच्चों द्वारा कुरआन मुकम्मल करने पर सभी बच्चों को सम्मानित किया गया। उन्हें गिफ्ट, नज़राना एवं नगद राशि प्रदान की गई। मासूम बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक कलाम पेश किए गए तथा कुरआन की तिलावत की गई। इनाम पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रतलाम मरकज मस्जिद से तशरीफ़ लाए हजरत मौलाना शोएब साहब ने देश में अमन-चैन और शांति का संदेश दिया। उन्होंने दुआओं में पूरे देश की मखलूक को शामिल करते हुए खैर व बरकत की दुआएं मांगीं।
हदीस की रोशनी में शिक्षा और स्वास्थ्य पर प्रकाश डालते हुए मौलाना शोएब साहब ने कहा कि इस्लाम पाक-साफ रहने, स्वस्थ जीवन जीने और उच्च शिक्षा हासिल करने की सीख देता है। उन्होंने बताया कि शरीर की सफाई से तन स्वस्थ रहता है और अच्छे विचारों से मन पाक रहता है।
कार्यक्रम में नयापुरा मोहल्ले एवं आसपास के बच्चों ने मंच से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नज़्म, कुरआन की तिलावत, ड्रामा एवं अन्य प्रस्तुतियां दी गईं।
इस अवसर पर नूर-ए-मोहम्मदी मस्जिद, नयापुरा मेघनगर के सदर सलीम शेरानी एडवोकेट ने बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए मदरसे में सेवाएं दे रहे मौलाना हाफिज रिजवान साहब को 5,000 रुपये का गिफ्ट नज़राना भेंट किया।
जलसे में झाबुआ, राणापुर, थांदला, रंभापुर और मेघनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात सभी बच्चों को इनाम व तोहफे वितरित किए गए तथा दावत का आयोजन भी किया गया।
वार्षिक उत्सव जलसा में जनाब हाफिज रिजवान साहब, मौलाना ताहिर साहब, मौलाना जुनेद साहब, मौलाना अशफाक साहब, हाफिज मोहसिन पटेल, हाजी सिद्दीकी बिल्ला, हाजी इरफान शेरानी, हाजी इसाक दुर्वेश, पत्रकार रहीम शेरानी, राजू भाई कादरी, अरफान शेरानी, गफ्फार भाई शेरानी, डॉक्टर इमरान मकरानी, इस्माइल भाई शेरानी, असलम भाई शेरानी ठेकेदार, अब्दुल कलाम शेरानी, यासीन शेरानी, जाकिर सैय्यद जेडी, मखलू भाई मकरानी सहित अनेक समाजसेवियों ने नगद राशि देकर मदरसे के बच्चों की हौसला अफजाई की।
कार्यक्रम का संचालन हाफिज रिजवान साहब एवं निशार शेरानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मुस्लिम कमेटी द्वारा किया गया।
