जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता, मानव संसाधन प्रबंधन, अधोसंरचना विकास, चिकित्सा शिक्षा तथा जांच एवं उपचार सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) और कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से संचालित भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की। उन्होंने मेडिकल ऑफिसर, विशेषज्ञ चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, लैब टेक्नीशियन, नर्सिंग ऑफिसर, एएनएम और अन्य पदों पर भर्ती की प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन की कमी से सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए और सभी रिक्त पद समयबद्ध रूप से भरे जाएँ।
बैठक में अधोसंरचना विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और समय-सीमा के पालन के निर्देश दिए। साथ ही, आधुनिक उपकरणों की खरीदी, स्थापना और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए जनभागीदारी बढ़ाने तथा जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन सामूहिक प्रयास से ही संभव है।
बैठक में पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के संचालन की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने सेवा के पारदर्शी और प्रभावी संचालन के निर्देश देते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित और सुरक्षित परिवहन मिलना चाहिए। साथ ही, औषधि निर्माण इकाइयों की नियमित जांच और गुणवत्ता मानकों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए।
उन्होंने जांच सुविधाओं को सुदृढ़ करने, ब्लड बैंकों के बेहतर संचालन, उपकरणों की उपलब्धता और संबंधित नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया। टेलीमेडिसिन सेवाओं को और सशक्त बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री संदीप यादव, आयुक्त स्वास्थ्य श्री तरुण राठी, संचालक स्वास्थ्य श्री दिनेश श्रीवास्तव, एमडी एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

