आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
थाना लावाघोघरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी बहू को गिरफ्तार किया है। 28 दिसंबर को ग्राम लावाघोघरी में 65 वर्षीय कृष्णराव आर्मे का शव गली में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की।
वैज्ञानिक साक्ष्यों, डॉग स्क्वाड और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर की गई जांच में शक गहराया। पूछताछ के दौरान मृतक की बहू सुनिता आर्मे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पैसों के विवाद और संपत्ति के लालच में उसने लकड़ी के पाये से वार कर ससुर की हत्या कर दी थी। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस मामले के खुलासे में निरीक्षक आफताब खान, उप निरीक्षक मुकेश द्विवेदी, उप निरीक्षक रामकुमार मार्को, सहायक उप निरीक्षक गुणवंत पवार, प्रधान आरक्षक शिवहरी मिश्रा सहित थाना लावाघोघरी और रक्षित केंद्र के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

