वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल बना हुआ है। बीते दिनों हुई कई गंभीर घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
बीती बृहस्पतिवार की रात (18/19) को थाना क्षेत्र के गांव बबौना निवासी आलोक पांडे के घर चोर दीवार के सहारे घर में दाखिल हुए और हजारों रुपये की नगदी व जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित की लिखित तहरीर पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी यदुवेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व कस्ता चौकी के ठीक सामने स्थित एक सर्राफा व्यवसायी की दुकान से लाखों रुपये की चोरी हुई थी, लेकिन घटना के दो माह बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है।
इसी क्रम में मढिया चौकी क्षेत्र के पचड़ेवरा गांव में चोरों ने कई घरों में चोरी का प्रयास किया। इस दौरान चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, बावजूद इसके पुलिस चोरी के प्रयास का खुलासा नहीं कर सकी।
वहीं बुधवार को कस्ता-सीतापुर मार्ग पर टेम्हरा गांव के आगे नहर पुलिया के पास दिनदहाड़े बबौना निवासी गुड्डू के साथ मारपीट कर उसकी साइकिल छीन ली गई। सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से जानकारी ली। इसके बाद अगले दिन शाम को थाना पुलिस ने पीड़ित के घर पहुंचकर पूछताछ की, लेकिन इस घटना का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

