मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 30 नवंबर 2025 तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले 80 बीएलओ को बुधवार को सम्मानित किया।
लॉटरी के माध्यम से चयनित 20 बीएलओ को मोबाइल फोन तथा 60 बीएलओ को दो हजार रुपये की नगद धनराशि प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। यह चयन प्रक्रिया फेसबुक पर लाइव प्रसारित की गई।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक विधानसभा से नकद पुरस्कार के लिए 10-10 बीएलओ (कुल 60) तथा मोबाइल पुरस्कार के लिए प्रत्येक विधानसभा से 2-2 बीएलओ के साथ-साथ सभी विधानसभाओं से कुल 8 बीएलओ का चयन कर कुल 80 बीएलओ को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे 18 दिसंबर को अपने-अपने बूथों पर एएसडी मतदाताओं की सूची को अच्छे से पढ़कर सुनाएं और नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा करें।
कार्यक्रम के दौरान इसी वर्ष चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्षा ने बीएलओ के रूप में अपने कार्य अनुभव साझा किए। इसके अलावा बीएलओ सहायक अध्यापक उपेंद्र सिंह, मनोज कुमार एवं नरेंद्र सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए।
जिलाधिकारी ने बीएलओ कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की विशेष रूप से प्रशंसा की और कहा कि यदि इसी तरह समर्पण भाव से कार्य किया गया तो जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

