बुरहानपुर में पहली खाटू श्याम बाबा प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा, कलश यात्रा व विशाल भंडारे का भव्य आयोजन | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

सिलमपुरा वार्ड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप शहर की पहली खाटू श्याम बाबा की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत फूल चौक से महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सिलमपुरा वार्ड पहुँची। इसके पश्चात पंडित गजानन जोशी सहित पाँच पंडितों एवं ब्राह्मणों द्वारा आठ यजमान दंपत्तियों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियाँ दी गईं और खाटू श्याम बाबा की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।

श्री सार्वजनिक खाटू श्याम मंदिर समिति के ताराचंद पारोचे ने बताया कि यह शहर की प्रथम खाटू श्याम बाबा की प्रतिमा है, जिसे शहर के मध्य भाग में स्थापित किया गया है। प्रतिमा स्थापना का उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सहजता से श्याम बाबा के दर्शन कर सकें।

उन्होंने जानकारी दी कि यह प्रतिमा राजस्थान के किशनगढ़ से मंगाई गई है, जो संगमरमर से निर्मित है और जिसका वजन लगभग दो क्विंटल है।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुँचकर प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान किशोर कछवाए, युवराज पाटिल, राजू राठौर, संदीप चीते सहित अनेक खाटू श्याम प्रेमी उपस्थित रहे। पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.