यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कल देर शाम जिले के कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति, तकनीकी संसाधनों की स्थिति तथा रिकॉर्ड रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कंट्रोल रूम के कार्मिकों को निर्देशित किया कि संचार व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न रहे और सभी वायरलेस सेट हर समय क्रियाशील अवस्था में रहें। एसपी ने कॉल रिसीविंग स्टाफ से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित किया कि जनता की शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है।
कॉल लॉग बुक की जांच के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि हर कॉल को गंभीरता से लिया जाए, कॉल रिसीविंग में देरी न हो तथा पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान की जाए।
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति, व्यवहार और कार्यक्षमता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में तैनात स्टाफ जिले की कानून व्यवस्था की रीढ़ होते हैं, इसलिए उनका अनुशासित और सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
