रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:
झाबुआ जिले के सुप्रसिद्ध विश्वमंगल हनुमान धाम, तारखेड़ी से करणी सेना परिवार ने 21 दिसंबर 2025 को हरदा में होने वाले जन क्रांति न्याय आंदोलन को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की।
जनसंपर्क यात्रा 16 दिसंबर को तारखेड़ी से प्रारंभ हुई, जिसमें तारखेड़ी, उमरकोट, सेमलिया, झकनावदा, धतुरिया, बखतपुरा, सेमरोड सहित आसपास के गांवों में करणी सेना के सदस्यों ने व्यापारियों और रहवासियों को अपनी 21 सूत्रीय मांगों के पर्चे वितरित किए और अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई में शामिल होने की अपील की।
संगठन की प्रमुख मांगों में हरदा आंदोलन से जुड़े दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, EWS सरलीकरण, आर्थिक आधार पर आरक्षण, किसानों को उचित मुआवजा एवं पारदर्शी बीमा नीति, गौ-सेवा एवं संरक्षण, तथा प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता शामिल हैं।
यह हैं प्रमुख मांगे
ठाकुर महेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि करणी सेना की 21 सूत्रीय मांगों में सबसे प्रमुख हैं—
1- 12–13 जुलाई 2025 को हरदा में हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
2- देवास एवं हरदा में दर्ज झूठे प्रकरण वापस लिए जाएं।
3- आरक्षण पूर्णतः आर्थिक आधार पर लागू हो।
4- एक बार आरक्षण का लाभ ले चुके परिवार को दोबारा लाभ न मिले।
5- सभी वर्गों में क्रीमी लेयर की अवधारणा लागू की जाए।
6- एससी/एसटी एक्ट में बिना जांच गिरफ्तारी पर रोक लगे एवं झूठे प्रकरण दर्ज करने वालों पर कार्रवाई हो।
7- एससी/एसटी एक्ट की तर्ज पर सामान्य व पिछड़ा वर्ग की सुरक्षा हेतु नया एक्ट बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि यह सभी मांगें केवल करणी सेना ही नहीं, बल्कि सर्वसमाज के हित की हैं। जनसंपर्क यात्रा को गांव-गांव में लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला है।
मुख्य रूप से उपस्थित सदस्य
जनसंपर्क यात्रा में महेंद्र सिंह राठौर, नेपाल सिंह चलदू, लोकेंद्र सिंह मुंडेदी, नेपाल सिंह बोड़ायता, शक्तिसिंह राठौर सेमलिया, मीडिया प्रभारी शान ठाकुर, परीक्षित सिंह राठौर, नंदूसिंह पड़ियार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
