मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य मिशन के निर्देशानुसार तथा श्रीमान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बुरहानपुर एवं श्रीमान सिविल सर्जन-cum-अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मार्गदर्शन में बाल दिवस के अवसर पर शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम, चांदनी में मनकक्ष विभाग द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को गुड टच–बैड टच, स्वयं की सुरक्षा, स्वच्छता तथा भावनात्मक स्वास्थ्य के बारे में सरल एवं समझने योग्य भाषा में जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि किसी भी असहज स्पर्श पर तुरंत “NO” कहना, वहाँ से दूर हटना और किसी विश्वसनीय व्यक्ति से तत्काल संपर्क करना बेहद आवश्यक है।
मानसिक स्वास्थ्य के लिए अपनी भावनाएँ व्यक्त करने, आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने और सकारात्मक सोच बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही बालिकाओं को “मन-हित” ऐप तथा टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी भी प्रदान की गई। इस दौरान टीम द्वारा बालिकाओं का मानसिक परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम में डॉ. दीपक, श्रीमती सीमा डेविड (सीनियर नर्सिंग ऑफिसर), श्रीमती हेमलता गौर (ANM), आशा कार्यकर्ता एवं आश्रम अधीक्षक श्रीमती रेखा राठौड़ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य—हर बालिका को सशक्त, सुरक्षित, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना था।

