मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के डुंगरिया ग्राम पंचायत स्थित सेंट्रल बैंक और पोस्ट ऑफिस के पीछे बनी बाउंड्री वॉल जर्जर हो चुकी है। लगभग 10 से 15 मीटर तक दीवार क्षतिग्रस्त होकर लटक गई है, जिससे ग्रामीणों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार लगने के कारण लोगों का लगातार आवागमन बना रहता है। सेंट्रल बैंक और पोस्ट ऑफिस की बाउंड्री दीवार का पिछला हिस्सा मार्केट एरिया में आता है, जहां लोगों का बैठना-उठना लगा रहता है।
गर्मी के मौसम में बाउंड्री के पास लगे नीम के पेड़ की छांव में लोग बैठते हैं। साथ ही मवेशियों और लोगों का आना-जाना भी इसी रास्ते से होता रहता है, जिससे दुर्घटना होने की संभावना और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले ही इस जर्जर बाउंड्री की मरम्मत कराई जाए। मिली जानकारी के अनुसार, यह भवन डब्ल्यूसीएल (WCL) जीएम ऑफिस की बिल्डिंग बताई जा रही है।
समय रहते जिम्मेदार विभाग द्वारा ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि संभावित बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके और बाउंड्री वॉल की जल्द मरम्मत कराई जा सके।

