राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
महेश कुमार शर्मा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर के कुशल मार्गदर्शन एवं अनिल कुमार करोरिया, जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति देवरी की अध्यक्षता में न्यायालय परिसर देवरी से मैराथन/वॉकथॉन प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।
अनिल कुमार करोरिया, जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष ने बताया कि विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस मैराथन/वॉकथॉन प्रदर्शनी की शुरुआत न्यायालय परिसर देवरी से की गई, जो नगर क्षेत्र देवरी के प्रमुख मार्गों से होते हुए संपन्न हुई।
यह दिवस विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के लागू होने की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता एवं न्याय तक समान पहुंच प्रदान करना है। साथ ही, लोगों में कानूनी सहायता की उपलब्धता के प्रति जागरूकता बढ़ाना इसका मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 09 नवंबर से 14 नवंबर 2025 तक “न्यायोत्सव” मनाया जाएगा। इसके अलावा, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली द्वारा जारी टोल-फ्री नंबर 15100 पर नागरिक कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर अनिल कुमार करोरिया (जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति देवरी), महेश कुमार झा (द्वितीय जिला न्यायाधीश देवरी), सुश्री निकीता चौहान (न्यायाधीश), दीपु शाक्य (न्यायाधीश देवरी), तहसीलदार श्रीमती प्रीति चौरसिया, बीईओ श्री ए.के. नगरिया, थाना देवरी से आरक्षकगण, अधिवक्ता संघ देवरी के सचिव पवन मिश्रा सहित कार्यकारिणी सदस्य, अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स, न्यायालय नाजिर प्रहलाद साहू एवं अन्य न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे।

