नवरात्रि-दशहरा को लेकर डीएम ने की बैठक, अश्लील कार्यक्रमों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

नवरात्रि-दशहरा को लेकर डीएम ने की बैठक, अश्लील कार्यक्रमों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश | New India Times

आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में कार्यक्रम आयोजकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान डीएम ने आयोजकों की समस्याएं एवं सुझाव सुनते हुए अधिकारियों को समय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि शुरू होने से पहले मंदिरों और आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, विद्युत तारों की मरम्मत, आवागमन के मार्गों की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मेलों में पंडाल और झूले लगाने के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य होगा। विद्युत, अग्निशमन सहित संबंधित विभागों की अनुमति के बाद ही आयोजन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों और मेलों में किसी भी प्रकार के अश्लील नृत्य या कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसा पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से धार्मिक कार्यक्रमों को श्रद्धा और गरिमा के साथ आयोजित करने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील एवं थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों से नियमानुसार प्रशासन से अनुमति लेने की अपील करते हुए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एएसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे, एएसपी नगर देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात रणवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी और कार्यक्रम आयोजक मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.