अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

पूर्व मध्य रेल द्वारा रेल यात्रियों एवं रेलकर्मियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पेयजल गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रेलवे स्टेशनों एवं रेल कॉलोनियों में पानी की टंकियों, वाटर कूलर, वाटर टैप, वाटर फिल्टर तथा पाइप लाइनों की नियमित जांच एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत पूर्व मध्य रेल के स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण, जीवाणु संवर्धन परीक्षण तथा रासायनिक परीक्षण किए जा रहे हैं। जांच के दौरान कहीं भी पेयजल की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।
रेल प्रशासन के अनुसार यह विशेष अभियान पूर्व मध्य रेल के पांचों मंडलों के सभी रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालयों में स्थित पेयजल स्थलों की जांच और आवश्यक सुधार कार्य पूरा होने तक जारी रहेगा। स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाएगी, ताकि यात्रियों एवं रेलकर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों एवं रेलकर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

