रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

रहस्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से संत तरेसा हाई स्कूल, पंचकुई में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान विद्यालय के व्यवस्थापक फादर मनीष डामोर, प्राचार्या सिस्टर महिमा भाभोर, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व को समझते हुए परिसर से कचरा एकत्र किया तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ अपने घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के शिक्षक दिलीप सोलंकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो हम एक स्वस्थ, सुंदर और स्वच्छ समाज का निर्माण कर सकते हैं।
अभियान के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
संत तरेसा हाई स्कूल, पंचकुई द्वारा आयोजित इस अभियान ने विद्यार्थियों में स्वच्छता, जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

