पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला धार के अंतर्गत नवांकुर संस्था तिसगांव द्वारा “नवांकुर सखी योजना” के अंतर्गत भव्य हरियाली कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर पर्यावरण जागरूकता और जल संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि टास्क मैनेजर डॉ. सुनीता गुप्ता रहीं, जिन्होंने योजना के उद्देश्यों एवं इसके सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संभागीय समन्वयक श्री अमित शाह, जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती रजनी यादव, पर्यावरण प्रेमी श्री अमृतलाल पाटीदार, वरिष्ठ श्री विकास शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता श्री कीर्तिमान पटेल (धार), ग्राम की सरपंच श्रीमती सावित्रीबाई तथा उप सरपंच श्री दशरथ यादव, रोहित वैष्णव उपस्थित रहे। पर्यावरणविद श्री अमृतलाल पाटीदार ने पौधों और वृक्षों के महत्व को समझाते हुए कहा कि “हर घर, हर खेत, हर मन में हरियाली” की भावना को अपनाकर ही हम जलवायु संकट से निपट सकते हैं।
इस अवसर पर प्रत्येक महिला को 11 अंकुरित पौधे वितरित किए गए। महिलाओं ने कलश में जल भरकर मंदिर में अर्पित किया, जिससे जल और प्रकृति के प्रति सम्मान का भाव प्रकट हुआ।कार्यक्रम का संचालन श्री योगेश मालवीय द्वारा किया गया और आयोजन संबंधी जानकारी नवांकुर संस्था तिसगांव के अध्यक्ष श्री रितेश डावर द्वारा दी गई। इस आयोजन ने न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान दिया, बल्कि महिलाओं में सहभागिता की नई ऊर्जा का संचार भी किया।

