मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष तकवीन खान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज आलम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और मार्च की अगुवाई की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है तथा चुनाव में धांधली के जरिए भाजपा को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पुतला छीन लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए घंटाघर पहुंचे, जहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष कार्यक्रम का समापन किया गया।

