फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

करोल बाग के ओल्ड राजेंद्र नगर में हुए दर्दनाक हादसे से पूरे देश की आँखें नम हैं। छात्रों ने न्याय की मांग करते हुए कैंडल मार्च निकाला और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया और छोड़ दिया। तीन स्टूडेंट्स की मौत और दिल्ली पुलिस के इस रवैए से यूपीएससी छात्र भयंकर गुस्से में हैं। इस पर भीम सेना का भी आग उगलता बयान सामने आ गया है।

सीवर फटने और बारिश पड़ने से राउ’स आईएएस स्टडी सर्कल में पानी भर गया था। जिससे श्रेया यादव, नेविन डालविन और तानवी सोनी की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई थी। बायोमेट्रिक लॉक होने से ये छात्र-छात्राएं बेसमेंट में बंद हो गए थे। भीम सेना ने इस हादसे के पीछे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बराबर दोषी ठहराया है।

भीम सेना के प्रमुख नवाब सतपाल तंवर ने इस पूरे हादसे के पीछे राउ’स आईएएस स्टडी सर्कल नामक कोचिंग संस्थान को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि इस कोचिंग संस्थान के साथ दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार भी बराबर की दोषी है। एमसीडी और शिक्षा विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुके हैं। तंवर ने कहा कि दिल्ली में लगभग सभी सिविल सर्विसेज कोचिंग संस्थान लूट का अड्डा बन चुके हैं। भीम सेना चीफ सतपाल तंवर ने कहा कि ये कोचिंग संस्थान नहीं बल्कि मौत का खंडहर हैं। तंवर ने बताया कि उन्होंने स्वयं और निशा तंवर एडवोकेट ने सत्या निकेतन मोती बाग में रहकर सिविल सर्विसेज के साक्षात्कार तक का सफर तय किया है। यहां पच्चीस-पच्चीस हजार रुपयों में छोटे-छोटे कमरे किराए कर दिए जाते हैं। छोटे-छोटे कमरों की बेसमेंट में लाइब्रेरी और कक्षाएं चलाई जाती हैं। लाखों रुपया फीस छात्रों से वसूली की जाती है। यह छात्रों के भविष्य के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है। भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर ने दिल्ली के उप राज्यपाल और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है।

