शाहजहांपुर में होली पर निकला ‘लाट साहब’ का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शाहजहांपुर में होली के अवसर पर निकलने वाला पारंपरिक ‘लाट साहब’ का जुलूस सकुशल संपन्न हो गया। आपको बताते चलें कि एक पुरानी परंपरा के अनुसार आज भी यूपी के शाहजहांपुर में होली के रंग वाले दिन ‘लाट साहब’ का जुलूस निकाला जाता है।

इस परंपरा के तहत एक व्यक्ति को भैंसागाड़ी पर कुर्सी पर बैठाया जाता है। वह सुरक्षा उपकरण पहनता है और उसके चारों ओर पुलिसकर्मी सुरक्षा घेरा बनाकर चलते हैं। जुलूस की शुरुआत से लेकर अंत तक तय मार्ग पर ‘लाट साहब’ पर रंग, चप्पल और जूतों की बौछार की जाती है।

इस दौरान ‘लाट साहब’ पुलिस के जवानों के सुरक्षा घेरे में रहते हैं। जुलूस अपने निर्धारित मार्ग को पूरा करने के बाद समाप्त हो जाता है।

जो व्यक्ति ‘लाट साहब’ बनता है, उसे जुलूस के आयोजकों की ओर से नगद धनराशि के साथ उपहार भी दिए जाते हैं।
शहर में दो प्रमुख जुलूस निकाले जाते हैं, जिनमें एक को ‘छोटा लाट साहब’ और दूसरे को ‘बड़ा लाट साहब’ कहा जाता है।

अति संवेदनशील माने जाने वाले इस जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी।

इस बार जुलूस में चार अपर पुलिस अधीक्षक, 13 पुलिस क्षेत्राधिकारी, 310 दरोगा, 1200 सिपाही तथा 500 होमगार्ड जवानों के अलावा चार कंपनियां पीएसी, चार कंपनियां रैपिड एक्शन फोर्स और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें तैनात की गई थीं।

जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने काफी समय पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.