फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

हॉस्टल में रहकर एएनएम कर रही दलित छात्रा का फंदे पर लटका शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सेक्टर 40 थानाक्षेत्र में झाड़सा गांव के पास सेक्टर 31 स्थित एएनएम ट्रेनिग सेंटर हॉस्टल में रहकर एएनएम की पढ़ाई कर रही छात्रा का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि जातिवाद की वजह से छात्रा की हत्या की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल में छात्रा को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया जाता था। छात्रा के पिता ने साथ में रह रही लड़कियों और एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के प्रशासन पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही भीम सेना के सैंकड़ों कार्यकर्ता पोस्टमार्टम हाउस में इक्कठा हो गए।
मामला गरमाता देख सूचना मिलते ही भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। काफी देर तक सतपाल तंवर और पुलिस अधिकारियों में तीखी नोंक-झोंक हुई। भीम सेना ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन भीमसेना चीफ नवाब सतपाल तंवर ने कानून हाथ में लेने से भीम सैनिकों को रोक दिया। मामला बढ़ता देख मौके पर इंस्पेक्टर मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
भीम सेना चीफ नवाब सतपाल तंवर ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए तीन दिन का अल्टीमेटम दे डाला। तंवर ने कहा यदि तीन दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है तो भीम सेना पूरे शहर में चक्का जाम कर देगी। जिसका जिम्मेदार प्रशासन और हरियाणा सरकार होगी। भीम सेना प्रमुख बोले कुछ मिनटों में शहर का सांस लेना बंद कर दिया जाएगा। तंवर के बात से सहमत होकर परिजनों ने छात्रा का शव लेने से इनकार कर दिया है। छात्रा की शव पुलिस की सुरक्षा में पोस्टमार्टम हाउस में ही रखा गया है।
