अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग पिछले चार दिनों से बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों द्वारा सर्वर डाउन होने का हवाला देकर बुकिंग नहीं की जा रही है, जिससे लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर ठीक नहीं होने के कारण नए ऑर्डर दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। उनका कहना है कि जैसे ही सर्वर की समस्या दूर होगी, बुकिंग की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी जाएगी।
वहीं दूसरी ओर बुकिंग बंद होने से आम उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। कई परिवारों के घरों में गैस खत्म होने की स्थिति बन गई है, लेकिन बुकिंग नहीं होने से उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग और गैस कंपनियों से जल्द से जल्द सर्वर की समस्या दूर कर बुकिंग प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
