शरीफ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा ने थाना करमा का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जिसे उन्होंने स्वीकार किया तथा गार्द का निरीक्षण भी किया।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, अभिलेखों की गुणवत्ता, मालखाना, हवालात, सीसीटीवी व्यवस्था, थाना परिसर, भोजनालय, शस्त्रागार, बैरक तथा साफ-सफाई व्यवस्था सहित अन्य प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव, थाना परिसर की स्वच्छता, अनुशासन तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सकारात्मक कार्य संस्कृति को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

इस दौरान मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की विशेष रूप से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला सहायता हेल्प डेस्क को अधिक सक्रिय बनाने, महिला एवं बालिकाओं की शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और पीड़ितों को त्वरित व सम्मानजनक सहायता उपलब्ध कराने पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर हेल्प डेस्क की भी समीक्षा करते हुए साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल अपराधों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेने और पीड़ितों को शीघ्र सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने पुलिस-जन संवाद को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, पारदर्शी पुलिसिंग और संवेदनशील व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

