फैज़ान खान, गुरुग्राम/नई दिल्ली, NIT:

पिछले सप्ताह मंगलवार देर रात भीम सेना के प्रमुख नवाब सतपाल तंवर पर जानलेवा हमला करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है वहीं दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में अब तक 7 लोगों को दबोचा जा चुका है। हमलावरों ने पूछताछ में बताया कि वे सतपाल तंवर द्वारा बीजेपी के खिलाफ दिए जा रहे बयानों से आहत थे और उन्हें डराने के लिए हमले की योजना बनाई गई थी। जिसके लिए एक सप्ताह लगातार तंवर की रेकी की गई थी। जानकारी के मुताबिक सतपाल तंवर पर रात 11 बजे के आसपास उस वक्त हमला किया गया जब वे अपनी गाड़ी पार्क कर रहे थे। पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने तंवर की गाड़ी पर पथराव कर दिया था जिससे कार के शीशे टूट गए और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार के शीशे तोड़ने के बाद हमलावरों ने भीमसेना चीफ नवाब सतपाल तंवर को कार से बाहर खींचने की कोशिश की थी जिससे उनके हाथ पैरों में चोटें आई थी।
आसपास के लोगों के इक्कठा होता देख जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए हमलावर फरार हो गए थे। भीम सेना ने कार्रवाई ना होने की सूरत में आंदोलन की चेतावनी दी थी। जिसके बाद हरियाणा पुलिस और हरियाणा सरकार सतर्क हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद और आसपास के लोगों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। हमलावर 20 से 25 की संख्या में बताए जा रहे हैं। प्रथम जांच में गिरफ्तार किए गए दो हमलावर हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद के रहने वाले हैं। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए लोग हरियाणा के रेवाड़ी, राजस्थान के भरतपुर और अलवर के बताए गए हैं। मामले में पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर की सुरक्षा के मामले में पुलिस अधिकारी अब भी चुप्पी साधे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों की मानें तो सतपाल तंवर को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है। फिलहाल सतपाल तंवर अस्पताल में भर्ती हैं।
