मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा उर्फ़ बंटी भैया और नीलेश जुनागढ़े ने बताया कि सुरों के सरताज और अपनी मखमली आवाज़ से दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के दिलों पर छा जाने वाले गायक मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर 31 जुलाई 2023 को बुरहानपुर प्रेस क्लब द्वारा म्यूजिकल ग्रुप गीतोपचार के लाइव एक्स्ट्रा का आयोजन बुरहानपुर स्थित मैक्रो विजन एकेडमी के देश के सबसे बड़े भव्य अनहद आनंद ऑडिटोरियम में किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें एक सुरीली श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कार्यक्रम का नाम *Rafi99notout* रखा गया है। यानी के यदि आज मोहम्मद रफ़ी जीवित होते तो 99 वर्ष के होते। लेकिन वह हमारे बीच ना होते हुए भी अपनी आवाज़ के माध्यम से अब भी लोगों के कान में अपनी मखमली आवाज़ से गुदगुदी कर रहे हैं।
बुरहानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा और सचिव नीलेश जुनागढ़े ने बताया कि 24 दिसंबर 1924 को पंजाब की पवित्र नगरी अमृतसर में जन्म लेने वाले करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले मोहम्मद रफ़ी हमें 31 जुलाई 1980 को छोड़ कर चले गए। उन्हीं की यादों को गीतों के रूप में संजोते हुए फिर से आपके सामने उनके गाए गीतों को 31 जुलाई 2023 को मैक्रोविजन के शानदार ऑडिटोरियम में प्रस्तुत किया जा रहा है। बुरहानपुर के इतिहास में किसी भी महान संगीतकार के लिए यह अपने आप में एक अनूठा आयोजन है, जिस में 45 म्यूजिशियन आर्केस्ट्रा में एक साथ एक ही मंच पर उपस्थित होंगे। लगातार 3 घंटे तक मोहम्मद रफ़ी के सुरीले तरानों से बुरहानपुर की संगीत प्रेमी जनता को सराबोर करेंगे। उल्लेखनीय है कि बदलते आधुनिक परिवेश में संभवतः पुराने वाद्य यंत्रों के साथ में अपनी प्रस्तुति देने वाली यह अंतिम पीढ़ी हो सकती है और उसे लाइव सुनने वाले, हम अंतिम पीढ़ी के श्रोता हो सकते हैं। बुरहानपुर प्रेस क्लब के सभी सदस्यों ने जनमानस से यह निवेदन किया है कि इस अनूठे आयोजन का ज़रूर हिस्सा बने क्योंकि जिस ऑडिटोरियम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है वहां 3000 व्यक्तियों के बैठने की क्षमता है। विश्व स्तरीय साउंड सिस्टम और अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से परिपूर्ण इस ऑडिटोरियम में किसी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनने में एक अलग ही अनुभूति का एहसास होता है। इसलिए सभी से निवेदन है कि इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति ज़रूर देवे और आकर भारतीय गायक मोहम्मद रफ़ी को अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करें।
