संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

श्रीराम हिन्दू सेना के राष्ट्रीय मंत्री दीपक शुक्ला के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ग्वालियर संभाग के नवनियुक्त डीआईजी अतीश यादव का उनके कार्यालय पहुंचकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें पुष्पमालाएं पहनाई गईं तथा सम्मान स्वरूप भगवा वस्त्र भेंट कर सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर दीपक शुक्ला ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित होती है। उन्होंने सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और समाजहित के कार्यों में संगठन की सक्रिय भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि श्रीराम हिन्दू सेना इन क्षेत्रों में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने प्रशासन और समाज के बीच सकारात्मक समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही जनहित एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
अंत में संगठन की ओर से आमजन से अपील की गई कि वे संगठनात्मक गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें और सामाजिक व सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहें।

