मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर शाहजहांपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को जिलेभर में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों में से 19 मामलों का मौके पर पहुंचकर समाधान किया गया।
अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी बनाया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में प्रतिदिन एक स्थान तथा थाना प्रभारी दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
पुलिस टीम ने शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और दोनों पक्षों से बातचीत कर फीडबैक लिया। शिकायतकर्ताओं को मौके पर ही संतुष्ट कर समस्याओं का समाधान किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आमजन को राहत पहुंचाना और शिकायतों का त्वरित निराकरण करना है, ताकि लोगों को थाने या पुलिस कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। अभियान के चलते लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है।

