अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

चुनार थाना क्षेत्र के कैलहट गांव में एक दर्दनाक हादसे में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से 40 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने इस हादसे के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की पहचान जयसिंह पुत्र बंगाली सिंह, निवासी कैलहट गांव के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे और सब्जी की खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ संतनगर थाना क्षेत्र के मलुआ गांव में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, जयसिंह अपने पैतृक गांव कैलहट स्थित खेत में काम कर रहे थे, तभी वहां पहले से टूटा पड़ा विद्युत तार उनकी चपेट में आ गया। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की पत्नी रीना सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में 17 वर्षीय पुत्र रोशन सिंह और 13 वर्षीय पुत्री रियांशी सिंह हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के तार जर्जर अवस्था में हैं, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है।
सूचना मिलने पर चुनार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

