कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अजय सिंह राहुल भैया का संदेश, “जिसे भी टिकट मिले, सबको मिलकर जिताना होगा” | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:


झाबुआ में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अजय सिंह अल्प प्रवास दौरे पर पहुंचे। उनके साथ पूर्व मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मुजीब कुरैशी भी मौजूद रहे। जिले में पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया और पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया।

इस दौरान अनास नदी स्थित एक रिसॉर्ट में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, पूर्व विधायक जेवियर मेडा, वाल सिंह मेडा, निर्मल मेहता सहित जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अजय सिंह राहुल भैया ने कहा कि सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मिशन 2028 की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है तथा जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।

अजय सिंह ने कहा कि पार्टी में आपसी मतभेद खत्म कर एकजुटता बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी व्यक्ति को टिकट दे, चाहे लोकसभा, विधानसभा, पार्षद या पंचायत चुनाव हो, सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर उसे विजय दिलानी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट रहे तो आने वाला समय कांग्रेस का होगा और प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनना तय है।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अकमल डामोर, चंद्रवीर सिंह राठौर, रूप सिंह डामोर, शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौर, जनपद अध्यक्ष ललिता मुकेश मुनिया, कैलाश डामोर, यमन शेख, विक्रम मेडा, राशिद कुरैशी, विशाल राठौर, वसीम सैयद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका ने किया, जबकि आभार युवा नेता आशीष भूरिया ने व्यक्त किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article