मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को जुन्नारदेव पुलिस ने एक माह की विवेचना के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06/03/2026 को होली धुरेंडी के त्योहार की रात करीब 11:30 बजे अज्ञात दो नकाबपोश आरोपियों द्वारा ग्राम बिलावर कला में डेम के पास स्थित बुग्गो बाई धुर्वे के घर में घुसकर महिला, पुरुष एवं छोटे बच्चों के साथ लोहे की रॉड से मारपीट की गई थी।
मारपीट के दौरान शोर होने पर घर के अंदर सो रहे पार्थिया बुग्गो बाई धुर्वे, उनके बेटा-बहू तथा आसपास के लोग जाग गए, जिसके बाद अज्ञात आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। इस हमले में जग्गू भाई के सिर और हाथ में तथा उनके घर आए मेहमान दीपचंद कुमरे के सिर एवं दाहिने हाथ में चोट आई थी। वहीं बुग्गो बाई धुर्वे के 10 वर्षीय नाती शुभम के दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई तथा 17 वर्षीय संध्या के शरीर में भी चोटें आई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जुन्नारदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना जुन्नारदेव में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 81/26 धारा 331(2), 331(6), 115(1), 118(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
थाना प्रभारी को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। पूरे एक माह तक लगातार पतासाजी और गोपनीय जानकारी एकत्र की गई। जांच के दौरान पता चला कि घटना से दो दिन पहले 04/03/2026 को बुग्गो बाई धुर्वे का गांव की शांति बाई कुमरे से विवाद हुआ था। उसी दिन शांति बाई का दामाद अकलेश नरें, निवासी ग्राम ढोलनखापा थाना उमरेठ, अपने ससुराल आया हुआ था।
पुलिस ने अकलेश नरें की तकनीकी जानकारी जुटाई।
उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उसे वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी सास शांति बाई ने बदला लेने के लिए उसे उकसाया था। इसके बाद उसने अपनी सास शांति बाई के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर अपने साथी सुनील नरें तथा एक विधि-विरुद्ध बालक के साथ मिलकर योजना बनाई।
धुरेंडी की रात 06/03/2026 को आरोपी होंडा शाइन मोटरसाइकिल से बिलावर गांव पहुंचे और मुंह पर गमछा बांधकर बुग्गो बाई के घर में घुसकर लोहे की रॉड से मारपीट की। घरवालों के जागने पर आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी अकलेश नरें, सुनील नरें तथा षड्यंत्र में शामिल उसकी सास शांति बाई कुमरे को दिनांक 05/04/2026 को गिरफ्तार किया। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक MP28MS5442), दो लोहे की रॉड, तीन मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को दिनांक 06/04/2026 को माननीय न्यायालय जुन्नारदेव में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया। वहीं विधि-विरुद्ध बालक को माननीय किशोर न्याय बोर्ड छिंदवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
अकलेश नरें, पिता विपतलाल नरें, उम्र 29 वर्ष, निवासी ढोलनखापा थाना उमरेठ
सुनील नरें, पिता किशनलाल नरें, उम्र 18 वर्ष, निवासी ढोलनखापा थाना उमरेठ
शांति बाई कुमरे, पति रविंद्र कुमरे, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम बिलावरकला
एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया
पुलिस टीम:
थाना प्रभारी निरीक्षक, उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार कुमरे, आरक्षक राम अवतार तिवारी, संतोष धुर्वे, योगेश रघुवंशी, संस्कार बघेल, अनिल उइके तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक नितिन सिंह एवं आदित्य रघुवंशी का विशेष योगदान रहा।

