रहीम शेरानी हिंदुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के निर्देश एवं मध्य प्रदेश पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना (भोपाल), पुलिस महा निरीक्षक इंदौर रेंज राकेश गुप्ता, उप पुलिस महा निरीक्षक ग्रामीण इंदौर रेंज चंद्रशेखर सोलंकी (भा.पु.से.), द्वारा समस्त जिले की पुलिस द्वारा प्रदेश के सामान्य जन नागरिकों को अपराध व भय मुक्त बनाने के उद्देश्य को लेकर शाम 06:00 से 08:00 बजे तक पैदल भ्रमण करने के निर्देश दिये गये थे जिसके परिपालन में झाबुआ जिला पुलिस कप्तान आगम जैन के मार्गदर्शन में झाबुआ जिलें के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्र में पुलिस का फ्लैग मार्च किया गया।

झाबुआ व थांदला सहित अनेक स्थानों पर जिला पुलिस अधीक्षक स्वयं इसका नेतृत्व करते नजर आए तो कुछ स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे व एसडीओपी के साथ थाना व चौकी प्रभारियों ने नेतृत्व किया। जिला पुलिस अधीक्षक आगम जैन ने कहा पुलिस का नगर पैदल भ्रमण पुलिस के प्रति जनता का विश्वास उत्पन्न करता है व जनसामान्य में सुरक्षा का भाव प्रकट होता है। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही कर उनमें पुलिस का भय बना रहे तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे स्थानीय पुलिस के पास सहजता से आकर शिकायत कर सके इन्हीं उद्देश्य को लेकर पैदल भ्रमण किया गया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक अपनी टीम के साथ जनता एवं पत्रकारों से संवाद करते भी नजर आए।
