मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

टाइगर स्टेट कहे जाने वाले मध्यप्रदेश में बाघ और वन्यप्राणी सुरक्षित नहीं हैं। लगातार बाघ के शिकार के मामले सामने आ रहे हैं। एक बार फिर बाघ की खाल और अन्य अंगों के साथ एक युवक को पकड़ा गया है। भोपाल टाइगर स्ट्राइक फोर्स, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और पश्चिम वनमंडल छिंदवाड़ा की टीम ने जुन्नारदेव के दमुआ भाकरा गांव से एक युवक को पकड़ा है। इस युवक के पास से बाघ की खाल के अलावा इसके अन्य अंग भी जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार सूचना पर टीम ने एक साथ दबिश दी। जहां दमुआ से तकरीबन 5 किलोमीटर दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत भाकरा निवासी महेश पिता लखन सूर्यवंशी को बाघ की खाल के साथ पकड़ा है। आरोपी महेश को टीम साथ लेकर आई। पूछताछ के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि यह खाल कहां से और कैसे आई है। इस मामले में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारी जांच करने की बात कर रहे हैं। आरोपी महेश को शुक्रवार शाम एसटीआर और टाइगर स्ट्राइक फोर्स के अधिकारी कोर्ट में पेश करने लेकर आए हैं।
