मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास | New India Times

अशफाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास | New India Times

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चौंप में बनने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह को सम्बोधित करते हुये कहा कि आज का दिन राजस्थान के क्रिकेट जगत के लिए स्वर्णिम दिन है। प्रदेश के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का सपना पूरा होने जा रहा है। तत्कालीन आरसीए अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने यह सपना देखा था, जिसे वर्तमान अध्यक्ष श्री वैभव गहलोत राज्य सरकार एवं बीसीसीआई के सहयोग से पूरा करने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रोत्साहन दे रही है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश में खेलों का वातावरण तैयार हो और यहां की प्रतिभाएं देश-दुनिया में अपना परचम लहराएं। इसी उद्देश्य के साथ जयपुर के पास चौंप में विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टेडियम बनाया जा रहा है। राजस्थान का क्रिकेट से पुराना नाता रहा है। 1931 में यहां राजपूताना क्रिकेट संघ बना था। आज प्रदेश के 33 जिलों में क्रिकेट संघ बने हुए हैं। ऐसे में राजस्थान को उसका हक मिलना चाहिए। बीसीसीआई अध्यक्ष श्री सौरव गांगुली एवं सचिव श्री जय शाह से राजस्थान को अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी प्राथमिकता से देने की मांग की। उम्मीद है कि राजस्थान के खेल प्रेमियों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के हिस्से में अधिक से अधिक अंतर्राष्ट्रीय मैच आएंगे। हाल ही में जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में 8 साल बाद आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच का जिक्र करते हुए बीसीसीआई से राजस्थान को और अन्तर्राष्ट्रीय मैच देने की मांग की, ताकि यहां के खेल प्रेमियों का उत्साह बरकरार रहे।
जयपुर के एसएमएस स्टेडियम, जोधपुर में बरकतुल्ला खां स्टेडियम, उदयपुर में बन रहे स्टेडियम तथा जयपुर के पास चौंप में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम बनने से भविष्य में राजस्थान में अतंर्राष्ट्रीय स्तर के चार स्टेडियम होंगे। हम सभी का ध्येय है कि इस अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण कार्य समय पर पूरा हो और जल्द ही इस शानदार स्टेडियम की सौगात प्रदेश के खेल प्रेमियों एवं आमजन को मिले।

विधानसभा अध्यक्ष एवं आरसीए के मुख्य संरक्षक डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि राज्य सरकार एवं बीसीसीआई के सहयोग से विश्व के तीसरे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण आरसीए समय पर पूरा करेगा। इस स्टेडियम से आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं को खेल के बेहतर अवसर मिलेंगे।
आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने कार्यक्रम की शुरूआत में स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है जिसके हम गवाह हैं। खेल प्रेमियों, क्रिकेटर्स एवं आमजन की इच्छा थी कि जयपुर में अतंर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बने। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत, आरसीए के मुख्य संरक्षक डॉ. सीपी जोशी एवं बीसीसीआई के मार्गदर्शन तथा सहयोग से यह संभव हो पाया।
उन्होंने राजस्थान को 8 साल बाद अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी का मौका देने के लिए बीसीसीआई के अध्यक्ष श्री सौरव गांगुली एवं सचिव जय शाह को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि चौंप में बन रहे अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम के प्रथम एवं द्वितीय चरण का कार्य समयबद्ध रूप से पूरा होगा और खेल प्रेमियों को यहां अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच देखने का मौका मिलेगा।
बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रणजी एवं दिलीप ट्रॉफी के मैचों के दौरान बिताए गए समय को याद किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए स्टेडियम के निर्माण एवं राजस्थान में क्रिकेट को बढ़ावा देने में बीसीसीआई का पूरा सहयोग मिलेगा। बीसीसीआई के सचिव श्री जय शाह ने कहा कि अहमदाबाद एवं मेलबर्न के बाद जयपुर के पास बन रहे विश्व के तीसरे सबसे बड़े स्टेडियम से राजस्थान में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा।
इससे पहले स्टेडियम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य एवं अभियान्त्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, आरसीए के एडवाइजर जीएस संधु, आरसीए उपाध्यक्ष श्री अमीन पठान, सचिव महेन्द्र शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण निमावत एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article