चाय की दुकान से खुला नशीली दवाओं का राज़, पुलिस ने दो मेडिकल स्टोरों को सील कर शुरू की जांच | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर कोलार रोड पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। देर रात संदिग्ध से पूछताछ के बाद सामने आए नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 1450 टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए हैं। बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं की बरामदगी ने इलाके में चल रहे अवैध कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीमा कुंज स्थित चाय की दुकान पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति से पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास SPASMO PROXYVON+ के दो कैप्सूल मिले। पूछताछ में उसने अपना नाम मिशलेश लोढ़ी बताया और दवाओं के संबंध में जानकारी दी।

चाय की दुकान से खुला नशीली दवाओं का राज़, पुलिस ने दो मेडिकल स्टोरों को सील कर शुरू की जांच | New India Times

इसके बाद पुलिस ने बंजारी फेस-1, कोलार निवासी नितेश चौहान के घर पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, यहां से SPASMO PROXYVON+ के 214 टैबलेट बरामद हुए। पूछताछ के दौरान प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और मेडिकल स्टोरों की जानकारी सामने आई।

पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने इसके बाद आयुष मेडिकल, बरखेड़ी थाना जहांगीराबाद तथा राज मेडिकल, अन्ना नगर थाना गोविंदपुरा पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आयुष मेडिकल से विभिन्न कंपनियों की कुल 696 प्रतिबंधित दवाएं, जबकि राज मेडिकल से अलग-अलग कंपनियों की कुल 544 प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गईं।

पुलिस के मुताबिक, इन दवाओं में SPASMO PROXYVON+, AVIL 25, AVIL 50, LOKACIAN TABLET PLUS, PYEVEON SPAS PLUS, XARISPAS और TRIDOSS जैसी दवाएं शामिल हैं। आरोप है कि कुछ दवाएं डॉक्टर की पर्ची के बिना अवैध तरीके से बेची जा रही थीं और उनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा रहा था।

दो मेडिकल स्टोर सील

कार्रवाई के बाद ड्रग विभाग ने दोनों मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया है। उनके क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की जांच होने तक बिक्री पर रोक लगाई गई है। पुलिस और ड्रग विभाग द्वारा दवाओं की सप्लाई और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी, उपनिरीक्षक पप्पू कटियार, उपनिरीक्षक जितेंद्र पाठक, आरक्षक फैजान बेग, आरक्षक प्रभात जाट, आरक्षक हिमांशु राघव सहित ड्रग विभाग के अधिकारियों की अहम भूमिका रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.