अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
थाना हनुमानगंज क्षेत्र के न्यू कबाड़खाना में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने अवैध पार्किंग, नशाखोरी, जुआ, यातायात व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे पुलिस आयुक्त के सामने रखे।
नागरिकों ने बताया कि अवैध पार्किंग के कारण आमजन के साथ स्कूली वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है। वहीं कुंदन नमकीन रोड के आसपास बड़े वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होने की शिकायत भी सामने आई। नागरिकों ने पुलिस गश्त के दौरान हूटर का प्रयोग करने का सुझाव दिया, ताकि क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी का एहसास बना रहे।

जनसंवाद में अनमोल डेयरी के पास नशाखोरी और जुआ खेलने, जबकि VIP बिरयानी और शहीद ड्रम कॉर्नर के आसपास नाबालिग बच्चों के बैठने व नशा करने की शिकायतें भी सामने आईं। नागरिकों ने इन स्थानों पर विशेष निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा मूवी शूटिंग के दौरान सड़क पर वाहनों की पार्किंग से होने वाली परेशानी, कुछ स्थानों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने तथा दुकानों के सामने सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाए जाने का सुझाव भी दिया गया। क्षेत्रवासियों ने थाना स्टाफ द्वारा माह में कम से कम एक बार स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक आयोजित करने की मांग रखी।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने शिकायतों और सुझावों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को ट्रैफिक नियमों की शपथ दिलाई और साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी तथा सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को लेकर भी जागरूक किया।
पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर देने की अपील की। साथ ही मादक पदार्थ और अवैध हथियारों से संबंधित जानकारी पुलिस को मोबाइल नंबर 7587648330 पर देने को कहा। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

